मिथुन राशि 2022
का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा
स्वभाव और चुनौतियां
आपके काले नेत्र, ऊंची नाक, घुंघराले बाल और नाच-गान के शौकीन होते हैं। अपने आपमें ही संतुष्ट रहते हैं घूमने फिरने के कम शौकीन होते हैं। तर्कशास्त्र में पारंगत, दूसरों के मन की बातको समझ लेना आपके लिए आसान रहता है। ग्रह गोचर की अनुकूलता आपके लिए सफलताओं के नए मापदंड स्थापित करेगी। अपनी रणनीतियों तथा योजनाओं को गोपनीय रखते हुए कार्य करेंगे तो अधिक सफल रहेंगे। विदेशी कंपनियों में सर्विस अथवा नागरिकता के लिए किया गया प्रयास भी सफल रहेगा। सरकारी विभागों में भी रुके हुए कार्यों का निपटारा होगा, नए टेंडर के लिए भी आवेदन करना सार्थक रहेगा। गुरु, शनि और राहु के राशि परिवर्तन का शुभ प्रभाव आपके लिए हर तरह से सफलतादायक सिद्ध होगा फिर भी किसी को भी अधिक धन उधार के रूप में देने से बचें अन्यथा आर्थिक हानि का सामना करना पड़ेगा। वर्षपर्यंत आपकी सफलताओं का ग्राफ 85 प्रतिशत से भी अधिक रहेगा। विस्तार से जानने के लिए पढ़ें- मिथुन राशिफल 2022
सभी 12 महीने कैसे रहेंगे ?
जनवरी- शत्रु परास्त होंगे, कोर्ट-कचहरी के मामले आपके पक्ष में, दिया गया धन वापस मिलने की उम्मीद।
फरवरी- अधिक भागदौड़ के कारण थकान, दांपत्य जीवन में कटुता न आने दें, स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
मार्च- षड्यंत्र का शिकार होने से बचें, स्वास्थ्य के प्रति चिंतनशील रहें, आकस्मिक धन प्राप्ति के भी योग।
अप्रैल- शिक्षा प्रतियोगिता में अच्छी सफलता, संतान के दायित्व की पूर्ति, धर्म-कर्म के मामलों में रुचि बढ़ेगी।
मई- विलासितापूर्ण वस्तुओं का क्रय, सामाजिक जिम्मेवारी बढ़ेगी, विदेशी नागरिकता के लिए प्रयास सफल।
जून- प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी, वैवाहिक वार्ता सफल रहेगी, मित्रों एवं संबंधियों से भी सहयोग मिलेगा।
जुलाई- मान-सम्मान एवं प्रभाव वृद्धि, नौकरी में पदोन्नति तथा नए अनुबंध प्राप्ति के योग, षड्यंत्र से बचें।
अगस्त- शासन सत्ता का पूर्ण सहयोग मिलेगा, नौकरी में पदोन्नति, जनप्रतिनिधि के रूप में ख्याति बढ़ेगी।
सितंबर- आय के साधन बढ़ेंगे, परिवार के वरिष्ठ सदस्यों तथा बड़े भाइयों से सहयोग, प्रतियोगिता में सफलता।
अक्टूबर- भागदौड़ की अधिकता रहेगी, दुर्घटना से बचें, सामान चोरी होने से बचाएं, विवादों से भी दूर ही रहें।
नवंबर- विद्यार्थियों के लिए बेहतरीन, संतान के दायित्व की पूर्ति, नवदंपत्ति के लिए संतान प्राप्ति के योग।
दिसंबर- वैवाहिक वार्ता सफल रहेगी, सरकारी कार्य संपन्न होंगे, दांपत्य जीवन सुखद रहेगा, रोमांस का सुख।
उपाय- अशुभ ग्रहों के दुष्प्रभाव से बचने तथा शुभ ग्रहों के प्रभाव में वृद्धि हो इसके लिए दूर्वा मिश्रित जल, गुलाब जल अथवा अनार के रस से भगवान शिव का रुद्राभिषेक करें।
22 मई से 21 जून
इन तारीखों के मध्य जन्म लेने वाले जातक मिथुन राशि के अंतर्गत आते हैं जिसके स्वामी बुध हैं। नए वर्ष का मूलांक 6 है जिसके स्वामी शुक्र हैं। बुध और शुक्र की परस्पर अधिक मित्रता है अतः शुक्र का भी सुप्रभावीफल आपको बराबर मिलता रहेगा जिसके फलस्वरूप इस वर्ष मकान-वाहन के क्रय परिवार में मांगलिक कार्यों के सुअवसर का योग बनेगा। आप सरल हृदय, मृदुभाषी तथा स्नेही स्वभाव के हैं। सामान्यतः आपकी किसी से शत्रुता नहीं रहती। अपनी तर्कशक्ति प्रखर बुद्धि और ज्ञानके कारण समाज में अच्छी ख्याति अर्जित करते हैं। शिक्षण कार्य, लेखन, पठन-पाठन, न्यायालयके कार्य, अधिवक्ता, शल्य चिकित्सक, अर्थशास्त्र तथा कुशल ज्योतिषी के रूप में काफी सफल रहते हैं। छोटे पद से भी नौकरी हासिल करके ऊंचाईयों को छू लेते हैं।
शुभ अंक- 5
शुभ तारीखें- 5, 14 और 23
शुभ माह- फरवरी, मई, सितंबर और अक्टूबर
शुभ दिन- बुधवार, शुक्रवार और शनिवार
शुभ रत्न- पन्ना और हीरा
लेखक: पं जयगोविंद शास्त्री, ज्योतिषाचार्य