हस्तरेखा शास्त्र एक ऐसा विज्ञान है जो हथेली की रेखाओं और निशानों के आधार पर व्यक्ति के भविष्य के बारे में बताता है। हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार किसी भी व्यक्ति की हथेली में मौजूद आड़ी तिरछी रेखाएं उसके स्वास्थ्य, करियर, विवाह, व्यक्तित्व, धन-दौलत और भविष्य के बारे में कई रहस्य उजागर करती हैं। वेदों में ज्योतिष शास्त्र को नेत्र का दर्जा दिया गया है, ऐसा इसलिए क्योंकि भविष्य में जो भी होने वाला है, वो आप ज्योतिष के माध्यम से वर्तमान में ही देख सकते हैं। खैर, क्या आप जानते हैं कि आपकी हथेली के कुछ खास निशान आपको राजयोग दे सकते हैं? जी हां, हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार कुछ खास निशानों वाले व्यक्तियों को जीवन में बड़ी सफलता मिलती है और समाज में उच्च पद पर पहुंचते हैं। आइए इस लेख में इसी के बारे में विस्तार से जानते हैं।
हस्तरेखा शास्त्र क्या कहता है?
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, हथेली की रेखाएं और निशान व्यक्ति के व्यक्तित्व, स्वभाव और भविष्य के बारे में बहुत कुछ बताते हैं। इस शास्त्र के मुताबिक, हथेली के कुछ खास निशान व्यक्ति को राजयोग दे सकते हैं।
हथेली के बीच में बाण, रथ, चक्र या ध्वजा का चिह्न
अगर आपकी हथेली के ठीक बीच वाले हिस्से पर तोरण, बाण, रथ, चक्र या ध्वजा का चिह्न है तो आप बहुत भाग्यशाली हैं। हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, ऐसे व्यक्ति जीवन में बड़ी सफलता प्राप्त करते हैं और शासन- प्रशासन में ऊंचे पदों पर पहुंचने का मौका मिलता है। उन्हें जीवन में राजसुख मिलता है और उनके पास अकूत धन संपत्ति होता है।
अंगूठे में ये चिह्न बनाते हैं बड़े व्यापारी
जिन लोगों के अंगूठे में मछली, वीणा या सरोवर का चिह्न होता है, वे बड़े व्यापारी बनते हैं। ऐसे व्यक्ति यश और धन दोनों प्राप्त करते हैं। ये चिह्न बहुत सूक्ष्म होते हैं और इन्हें बारीकी से देखने पर ही दिखाई देते हैं।
शनि की ऐसी रेखा देती है राज सुख
अगर आपकी हथेली में अनामिका उंगली के नीचे पुण्य रेखा और मणिबंध से शनि रेखा मध्यमा उंगली तक जाती है तो आप राजयोग के अधिकारी हैं। ऐसे व्यक्ति के ऊपर शनिदेव की विशेष कृपा रहती है। ये लोग प्रशासनिक पद पर होते हैं और जीवन में खूब धन कमाते हैं।
हथेली में त्रिशूल का चिह्न
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, यदि हथेली में त्रिशूल का चिह्न होता है तो व्यक्ति को समाज में सम्मान और प्रतिष्ठा मिलती है। विशेषकर यदि त्रिशूल का चिह्न हृदय रेखा के सिरे पर गुरु पर्वत के पास हो तो व्यक्ति राजनीति में बड़ा पद पाता है और समाज में लोकप्रिय होता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। इस लेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।