फसलों को हर बीमारी से बचाने और पैदावार बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विभाग किसानों के लिए कई सुविधाएं दे रहा है। कृषि विभाग ने किसान सुविधा एप लांच की है। इसके जरिये किसान हिमाचल के हर क्षेत्र की जलवायु से लेकर हर फसल की जानकारी ले सकते हैं।
एप से फसल की गुणवत्ता और उसके सही दाम भी घर बैठे ही पता कर सकते हैं। किसानों को अपनी खेती की जानकारी के लिए भी ब्लॉक या कृषि विभाग के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। एप के जरिये किसानों को अपने क्षेत्र में बीज के दामों और बीज के केंद्र तथा बीज केंद्र के मालिक का नंबर भी ले सकते हैं।
कृषि विभाग ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए उठाया बड़ा कदम
इस एप में किसान दो भाषाओं हिंदी और अंग्रेजी में जानकारी ले सकते हैं। किसी भी क्षेत्र के ब्लॉक और वहां के जलवायु अनुसार कौन सी फसल कब बीजनी है, उसकी पूरी जानकारी ले सकते हैं। एप के जरिये किसान अपने प्रश्नों को भी साझा कर सकेंगे।
ऐसे करें डाउनलोड
किसान सुविधा एप को हर स्मार्ट फोन में डाउनलोड की जा सकती है। ऐप मोबाइल में बहुत कम स्पेस लेती है। इसे गूगल प्ले स्टोर से इंस्टाल किया जा सकता है। एप डाउनलोड करने के बाद किसान को इसमें अपना नाम, क्षेत्र का नाम, मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है। उसके बाद एप अपना काम शुरू करेगी।
विशेषज्ञ की सलाह: खेतों में ठहरने न दें बारिश का पानी, निकासी का करें उचित प्रबंध
एप के अंदर ये होंगे विकल्प
किसान सुविधा एप के अंदर 10 विकल्प अलग-अलग रंगों में दिखाई देंगे। सबसे ऊपर मौसम, वहीं श्रेणी में मंडी मूल्य, कृषि सलाहकार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, पशु पालन, विक्रेता, पौध संरक्षण, केसीसी से निशुल्क संपर्क, कोल्ड स्टोरेज और गोदाम, और फसल बीमा होगा।
किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी किसान सुविधा एप
जिला कृषि अधिकारी मोहेंद्र सिंह भवानी ने कहा कि किसान सुविधा एप किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। इसके जरिये किसान घर बैठे कृषि संबंधी जानकारी ले सकते हैं।