हमीरपुर। नगर निकाय की वोटर लिस्टाें में पुनर्निरीक्षण के लिए रविवार को मतदाता जगरूक मेले में लोगाें ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और नए मतदाताओं ने नाम बढ़ाए जाने के लिए आवेदन किए।
नगर के अंबेडकर पार्क परिसर में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए बच्चों की प्रभात फेरी निकाली गई। रैली को एसडीएम सदर रामबीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता मेले में 488 नए मतदाताओं ने दावे पेश किए। तो वहीं 125 नामों को हटाने के लिए आवेदन दिए गए। 36 लोगों ने नाम संशोधन के आवेदन किए। सुमेरपुर प्रतिनिधि के अनुसार नगर में मतदाता जागरूकता मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर नगर पंचायत के सभागार में काउंटर लगाकर दावे और आपत्तियां ली गई। इस मौके पर 190 लोगों ने नाम बढ़ाए जाने, 21 नाम हटाए जाने व 18 लोगों ने नाम संशोधन करने के लिए आवेदन दिए। अपर जिलाधिकारी एचजीएस पुंडीर ने मेले का निरीक्षण किया।
मौदहा नगर पालिका परिषद के चुनाव को लेकर मतदाता सूचियाें में नाम बढ़ाने, घटाने तथा शुद्धियां ठीक करने के लिए मतदाता मेले में खासी भीड़ रही। उप जिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह ने मेले का निरीक्षण किया।
मतदाताओं सूचियाें के दुरुस्तीकरण के लिए कसबे में 36 बीएलओ लगाए गए हैं। रविवार को लगे मेला में 265 लोग नाम बढ़ाने के आवेदन आए जबकि 168 गलत नाम काटने के आवेदन दिए गए। वहीं 17 नाम संशोधन के आवेदन आए। उप जिलाधिकारी ने मौके पर रहकर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि नई नीति के तहत कसबे में 52 मतदेय स्थलों पर अब इतने ही बीएलओ तैनात होंगे। जो घर घर जाकर मतदाता सूचियों के सत्यापन के साथ चुनाव पूर्व मतदाता पर्ची भी बांटने का काम करेंगे। 25 मई तक मतदाता सूची में नाम बढ़ाने का काम होगा।