जंगीगंज। धनतुलसी रोड स्थित लक्ष्मीनारायण पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव शुक्रवार को हषोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामलली मिश्र ने दीप प्रज्जवलित किया और बच्चों को अच्छी शिक्षा अर्जित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों को उनकी प्रतिभा के अनुसार उनका सर्वांगीण विकास होता है। शिक्षा के अभाव में मनुष्य पशु के समान हो जाता है। कहा कि अभिभावक अपने बालकों को अच्छी शिक्षा देने के पक्ष में होते हैं जबकि बालिकाओं को नहीं। बालक-बालिकाओं को समान शिक्षा दें। कहा कि अभिभावक खुद यह महसूस करेंगे बालकों की अपेक्षा बालिकाएं पढ़ाई में काफी तेज हैं।
उनका परीक्षा परिणाम भी बालकों की अपेक्षा काफी अच्छा है। कहा कि बालिका शिक्षा से बालिका ही नहीं बलिक उसका पूरा परिवार शिक्षित होता है। आज के समय में जिसके पास शिक्षा नहीं है, वह पशु के समान है। इसके पूर्व नन्हें छात्रों ने नृत्य के साथ सरस्वती वंदना की। विद्यालय के छात्रों ने स्वागत गीत, जंगली गीत, आदिवासी समाज और पेड़ों के महत्व पर नृत्य कर सराहना बटोरी। इसके बाद छात्र अभिषेक, अनुराग, निशान, सुंदर आदि ने चंदन है इस देश की माटी... देशगीत के माध्यम से देश भक्ति का जज्बा भरा और विद्यालय की छात्रा प्रिया, अंजली, जान्हवी, आर्या आदि ने राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को अपनी प्रतिभा से स्तब्ध कर दिया। ब्रजगीत, समूहगान, कौवाली आदि एक से बढ़कर एक कार्यक्रम कर छात्रों ने सराहना बटोरी। छात्रों द्वारा दानवीर कर्ण, कंप्यूटर आदि नाटक प्रस्तुत कर अपने कुशल अभिनय क्षमता से भी परिचित कराया। इस मौके पर प्रकाशनाथ मिश्र, प्रेमचंद मिश्र, राजेश मिश्र, मनोज मिश्र, सुशील कुमार, शिव गरुण मिश्र, जयशंकर मिश्र आदि थे। आए लोगों का धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य नवलेश मिश्र ने किया।