बदायूं। शहर के एक नर्सिंग होम में प्रसव के बाद जच्चा बच्चा की मौत हो गई। इस पर उसके परिवार वालों ने नर्सिंग होम में तोड़फोड़ की और जमकर हंगामा किया। बाद में पहुंची पुलिस ने किसी तरह से स्थिति को संभाला। देर रात तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
शहर कोतवाली क्षेत्र में शहवाजपुर तिराहे पर वाल्सल्य मैटरनिटी सेंटर के नाम से एक नर्सिंग होम है। इसे डॉ. मीनाक्षी निगम चलाती हैं। बिल्सी क्षेत्र के गांव गौराली निवासी मोहम्मद हुसैन ने अपनी पत्नी रूबी को प्रसव पीड़ा होने पर यहां शुक्रवार दोपहर भर्ती कराया था। मोहम्मद हुसैन का कहना है कि डॉक्टर ने गारंटी ली थी कि सामान्य प्रसव होगा और जच्चा-बच्चा सुरक्षित रहेंगे। शाम को करीब तीन बजे रूबी ने बेटी को जन्म दिया और इसके बाद बच्ची और रूबी की मौत हो गई। परिवार वालों ने जब डॉक्टर से बात की तो वह पल्ला झाड़ने लगी।
वर्जन-
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर शिकायत आती है तो संबंधित डॉक्टर की डिग्री की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।-डॉ. दीपक कुमार सक्सेना, सीएमओ