उझानी। बारात चढ़त के दौरान एक व्यक्ति की जेब से सेलफोन गायब हो जाने से जमकर बवाल हुआ। इसे लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इससे बारात में भगदड़ मच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव बरी का नगला का है। गांव के चूरामन की बेटी की बारात सोमवार शाम को आई थी। बारात चढ़त के दौरान गांव के ही छोटेलाल के साले का सेलफोन गायब हो गया। आरोप है कि सेलफोन किसी ने जेब से खींच लिया था। छोटे को मनोज पर शक हुआ। उसने मनोज के घरवालों को मौके पर बुला लिया। इसी बीच कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। बाराती भी भाग खड़े हुए।
बारात में मारपीट और पथराव की सूचना के बाद रात में मौके पर पहुंची पुलिस ने मनोज, छोटेलाल और सत्यप्रकाश समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाली में भी दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए। एसएसआई रामनरेश चौधरी ने बताया कि चारों लोगों के खिलाफ शांति भंग करने के तहत कार्रवाई की गई है। उधर, पुलिस हिरासत में मौजूद छोटे का कहना है कि बुधवार को उसकी बहन की शादी है। उसने दूसरे पक्ष के लोगों पर बारात में बवाल मचाने की आशंका व्यक्त की है।