दातागंज। एक युवक बड़े अरमानों से ब्याह करके दुल्हन लाया। दुल्हन आई तो घर में खुशी का माहौल था। ढोलक पर महिलाओं ने खूब मंगल गीत गाए। दो दिन बाद ही खुशी काफूर हो गई। दुल्हन लुटेरिन निकली। ससुराल वालों को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और सारा माल-जेवर समेट कर चंपत हो गई। दूल्हे के सीने पर तो मानो सांप लोट गया। अब वह उसे तलाशता घूम रहा है। इस घटना की क्षेत्र में व्यापक चर्चा है।
यह मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव रुदौली का है। गांव के एक युवक ने दो दिन पहले थाना उसावां क्षेत्र के पटना देवकली मंदिर में एक युवती से शादी की थी। बहू के घर आने से सभी खुश थे। नाते-रिश्तेदार भी शादी में शामिल हुए थे लेकिन शादी की खुुशियां दो दिन बाद ही काफूर हो गईं। शातिर दिमाग युवती ने पहले तो ससुराल वालों का विश्वास जीता और फिर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। खाना खाने के बाद जब सब लोग अचेत हो गए तो बहू घर में रखा सारा माल-जेवर समेट कर फरार हो गई। दूसरे दिन सुबह घर वालों को होश आया तो उनमें खलबली मच गई। देखा कि घर में बहू नहीं है, तो उनके होश उड़ गए। युवक की मां को अब तक होश नहीं आया है। हालांकि मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।