बदायूं। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ताओं को नौ माह से मानदेय नहीं मिला। इससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग को तमाम बार अवगत कराया, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। इससे प्रवक्ताओं में रोष है।
जिले में राजकीय इंटर कॉलेजों की संख्या छह है। इसमें से तीन कालेजों को उच्चीकृत किया गया था। यह कार्य प्लान के तहत हुआ है। उसके बाद प्रवक्ताओं की तैनाती हुई, लेकिन इनको सितंबर 2011 से वेतन नहीं दिया गया। प्रवक्ताओं का कहना है कि बजट पारित हो गया, लेकिन महकमे के अधिकारी टालमटोल कर रहे हैं। इससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रवक्ताओं का कहना है कि वेतन के बगैर कैसे घर खर्च चले। कोई सुनने को तैयार नहीं है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। इन प्रवक्ताओं में राजकीय इंटर कॉलेज दातागंज, सहसवान और निजामपुर के शामिल हैं। डीआईओएस सुशीला अग्रवाल का कहना है कि प्लान के तहत रखे गए प्रवक्ताओं के वेतन की ग्रांट नहीं आई है। बताया जा रहा है ग्रांट शासन से पास हो गई है। शीघ्र ही उन्हें लाभ दिया जाएगा।