बदायूं। एनएमएसएन दास पीजी कॉलेज में बुधवार को फिर माहौल बिगड़ गया। कॉलेज के एक कमरे में बंद छात्र-छात्राओं को रंगरलियां मनाते हुए दो अन्य छात्रों ने देख लिया। इसे देखकर आपस में तनातनी भी हुई। लेकिन मामला शांत हो गया। इसके बाद छात्राएं तो धीरे से खिसक लीं, लेकिन बाद में कॉलेज गेट पर दो छात्र गुटों में शुरू हुई गाली-गलौज मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे, बेल्टें चलीं। इसमें एक छात्र के सिर में चोटें भी आईं। प्राचार्य ने कमरे में छात्र-छात्राओं को आपत्तिजनक हालत में देखे जाने से इंकार किया है।
घटना बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। कॉलेज के रूम नंबर 19 में तीन छात्र और दो छात्राओं को आपत्तिजनक हालत में देखकर उधर से गुजरे दो छात्रों ने विरोध किया तो कमरे से एक छात्र बाहर आया और उन्हें वहां से जाने को कहा। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कुछ अन्य छात्रों के आ जाने पर कमरे में बंद छात्राएं चुपचाप खिसक लीं। इसके बाद छात्र चले गए। कुछ देर बाद कमरे में मौजूद छात्रों ने उन दोनों छात्रों को गेट पर घेर लिया। जिन्होंने छात्राओं के साथ उनकी मौजूदगी पर आपत्ति की थी। गेट पर दोनों पक्षों में गालीगलौज होने लगी। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे, बेल्टें चलने लगीं। एक छात्र के सिर में बेल्ट लगने से खून बहने लगा। सूचना पर आए स्टाफ मेंबर्स ने छात्रों को पकड़ने की कोशिश की तो वे भाग गए। प्राचार्य डॉ. वीके शर्मा ने इस बाबत बताया कि मामला छात्रों के आपसी विवाद का है। एक लड़के के हाथ में बेल्ट थी, जो दूसरे छात्र को लग गई। इससे थोड़ा खून निकल आया। बाकी कुछ नहीं है। दो छात्राओं के साथ तीन छात्रों को बंद कमरे में देखे जाने की बात गलत है।
चीफ प्रॉक्टर की सूझबूझ से टली बड़ी घटना
दास कॉलेज गेट पर जिस तरह लात घूसों, बेल्टों से दो गुटों में झगड़ा हुआ और दोनों के पक्ष में छात्र जुटने लगे, उससे बड़ी घटना भी हो सकती थी लेकिन चीफ प्रॉक्टर संतोष सिंह के तुरंत मौके पर पहुंच जाने से मामला संभल गया। उन्होंने तुरंत ही घायल छात्र को अस्पताल भेजा और समस्त स्टाफ मेंबर्स को गेट पर ही खड़ा कर दिया।
छात्रनेताओं का भी नाम, निलंबन की होगी कार्रवाई
बुधवार को हुई घटना में कुछ छात्रनेताओं का भी नाम सामने आ रहा है। प्राचार्य डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि शाम चार बजे पूछताछ की गई है। हालांकि अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। फिलहाल झगड़ा करने वाले छात्रों को चिन्हित किया जा रहा है। उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
कोई घटना कमरा नंबर 19 तो कोई 31 की बता रहे हैं लेकिन वास्तव में क्या हुआ इसका पता लगाया जा रहा है। मामला छात्र-छात्राओं को आपत्तिजनक हालत में देखे जाने का भी सुनने में आ रहा है। वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है। इसी आधार पर कॉलेज प्रशासन कार्रवाई करेगा। फिलहाल घायल छात्र की पट्टी करा दी गई है। पुलिस में कोई शिकायत नहीं की गई है। - डॉ. संतोष सिंह, चीफ प्रॉक्टर, दास कॉलेज।