पश्चिमी यूपी में ऐसे मनाई जा रहा ईद का त्योहार, देखें ये शानदार तस्वीरें देशभर में ईद-उल-फितर का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह नमाज के लिए मस्जिदों में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी। मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों में ईद की नमाज के लिए मस्जिदों में अकीदतमंदों ने अमन और चैन की दुआ मांगी। नमाज के दौरान ईदगाहों और मस्जिदों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। वहीं मेरठ में पुलिस प्रशासन के मना करने के बावजूद सड़क पर नमाज पढ़ी गई। बागपत जनपद में ईदगाह में भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने अकीदतमंदों को अंदर जाने से रोका तो उनकी पुलिस के साथ नोझोंक हुई। हालांकि लोगों के बातचीत करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के आश्वासन के बाद ही सभी को ईदगाह के अंदर जाने दिया गया। सहारनपुर में अंबाला रोड स्थित ईदगाह में ईद की नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। बिजनौर जनपद में ईदगाह पर मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद-उल-फितर की नमाज अदा की और एक दूसरे को मुबारकबाद दी। मुजफ्फरनगर में ईदगाह में ईद उल फितर की नमाज अमन और वतन की तरक्की व आपसी भाईचारे की दुआ के साथ मौलाना मुफ्ती खलीलुर रहमान ने अदा कराई । उन्होंने मुल्क की तरक्की के लिए सभी वर्गों व धर्मों के लोगों को साथ मिलकर भारत को मजबूत करने का आह्वान किया। नमाज के दौरान उन्होंने गुजारिश की कि आज भी पिछड़े हुए मौहल्लों में और अच्छा कार्य करने की जरूरत है। मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों में ईद के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात है। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके साथ ही लोग एक-दूसरे के घर जाकर पर्व की खुशियां बांट रहे हैं। ईद 2023