भेड़ियों के आतंक से लेकर बवाल तक, एक माह से सुर्खियों में बहराइच पिछले करीब एक महीने से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटा बहराइच अलग-अलग घटनाओं को लेकर सुर्खियों में है। पहले भेड़ियों के आतंक तो फिर मुंबई में हुए बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और अब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हिंसा को लेकर चर्चा में है। बता दें कि बहराइच के महसी तहसील क्षेत्र में भेड़ियों ने इस कदर दहशत मचाई कि प्रदेश सरकार को उन्हें पकड़ने के लिए ऑपरेशन भेड़िया लॉन्च करना पड़ा था। बहराइच में आदमखोर भेड़ियों का पहला हमला इसी साल मार्च 2024 में हुआ था। जुलाई के बाद भेड़ियों के हमलों की संख्या बढ़ गई, फिर इन्हें पकड़ने के लिए 'ऑपरेशन भेड़िया' चलाया गया। 12 अक्तूबर, शनिवार को मुंबई में दशहरे की देर रात एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की गई, जिसमें बहराइच के दो शूटर्स के नाम सामने आए। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में शामिल धर्मराज कश्यप और शिव कुमार उर्फ शिवा गौतम दोनों कैसरगंज कोतवाली के गंडारा गांव के रहने वाले हैं। 13 अक्तूबर, रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के जुलूस के दौरान पत्थरबाजी, फायरिंग के बाद हिंसा भड़क गई, इससे एक बार फिर बहराइच चर्चा में है। िा