अमर उजाला
Mon, 9 June 2025
पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो नेशंस लीग के फाइनल में स्पेन के खिलाफ जीत के बाद अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए
फाइनल में पुर्तगाल के गोलकीपर डिएगो कोस्टा ने जैसे ही अल्वारो मोराटा की चौथी पेनल्टी बचाई और फिर रुबेन नेवेस ने अपनी टीम की पांचवीं पेनल्टी को गोल में बदलकर जीत सुनिश्चित की, रोनाल्डो मैदान पर बैठकर ही रोने लगे
टीम की जीत तय होते ही रोनाल्डो की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। उन्होंने कहा कि देश के लिए ट्रॉफी जीतने से बड़ा कुछ भी नहीं।
पुर्तगाल के इस 40 साल के कप्तान ने कहा, 'मैंने अपने क्लबों के साथ कई खिताब जीते हैं, लेकिन पुर्तगाल के लिए जीतने से बड़ा कुछ नहीं है।'
रोनाल्डो ने इस प्रतियोगिता में टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई। रविवार को खेले गए फाइनल में उन्होंने मैच के 61वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर किया जिससे यह मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में खिंचा।
पुर्तगाल ने पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से जीत दर्ज की। रोनाल्डो के लिए यह एक और खिताब, अंतरराष्ट्रीय गोल के रिकॉर्ड में सुधार में सुधार से कहीं बढ़ कर था।
वह मैच से पहले वार्म अप के लिए मैदान में पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी थे। पुर्तगाल के समर्थकों ने जोर से शोर मचाकर उनका स्वागत किया। स्टेडियम में ज्यादातर समर्थकों ने उनके नाम की जर्सी पहन रखी थी।
उन्होंने इससे पहले सेमीफाइनल में निर्णायक गोल कर जर्मनी के खिलाफ पुर्तगाल को 25 साल में पहली जीत दिलाई थी। उन्होंने इसके बाद फाइनल में भी अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का रिकॉर्ड 138वां गोल कर प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दिया।
देश के लिए 221वां मैच खेल रहे रोनाल्डो के 61वें मिनट में किये गये गोल से पहले स्पेन की टीम 2-1 से आगे थी। वह हालांकि थकान के हावी होने के बाद मैच के 88वें मिनट में मैदान से बाहर चले गये।
रोनाल्डो ने कहा कि वह इस मुकाबले में चोट के साथ पहुंचे थे। उन्होंने कहा, 'मैंने वार्मअप के दौरान ही चोट को महसूस कर लिया था। मैं इस चोट को पिछले समय से यह महसूस कर रहा था। राष्ट्रीय टीम के लिए अगर मुझे अपना पैर तोड़ना पड़ता तो भी मैं संकोच नहीं करता।'
रोनाल्डो ने कहा, 'यह इस ट्रॉफी के लिए था, मुझे खेलना था और मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया।' उन्होंने कहा, 'मैं कई देशों में रहा हूं, मैंने कई क्लबों के लिए खेला है, लेकिन जब बात पुर्तगाल की आती है, तो यह हमेशा एक खास एहसास होता है।'
क्या फीफा विश्व कप 2026 में खेलेंगे लियोनल मेसी? कोच स्कोलोनी ने दिया बड़ा अपडेट