आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम? नए साल के पहले हफ्ते घना कोहरा छाए रहने और भीषण शीतलहर के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमोत्तर, उत्तर और पूर्वी भारत के ज्यादातर इलाके शीतलहर की चपेट में रहेंगे। वहीं उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा। आईएमडी के मुताबिक हल्की हवाओं और सिंधु-गांग के मैदानी इलाकों में सतह के करीब ज्यादा नमी के कारण इस समय कोहरा सामान्य है। हिमाचल से पश्चिम दिशा की तरफ बहने वाली हवाओं के चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान और गिर सकता है। राजस्थान के उत्तरी इलाकों में मंगलवार तक कहीं ठंडी तो कहीं बहुत अधिक ठंडी हवाएं चल सकती हैं। पिछले हफ्ते दिल्ली और आसपास के इलाकों को भीषण शीतलहर से कुछ राहत मिली थी।