बड़ा खतरा: पैंगोंग झील के पास चीन का पुल पूरा होने के करीब चीन ने पूर्वी लद्दाख में अपनी निर्माण गतिविधियां और तेज कर दी हैं। सीमा विवाद के बावजूद चीन ने इसे रोका नहीं है। खबर है कि पैंगोंग त्सो झील के पास उसका पुल निर्माण का कार्य लगभग पूरा होने वाला है। गलवान इलाके में भी वह सड़कें व पुल बना रहा है। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी ने उपग्रह से ली गई तस्वीरें जारी करते हुए यह दावा किया है। चीन ने इस झील के उत्तरी व दक्षिणी तटों को जोड़ने के लिए पुल का निर्माण कार्य शीतकाल में और तेज कर दिया। यह पुल भारत द्वारा दावा की जा रही सीमा रेखा के एकदम करीब और दशकों से चीन के कब्जे में रहे हिस्से में बनाया जा रहा है।