आगरा में भूख हड़ताल पर 'शिव-पार्वती', बोले- ताजमहल में इसकी अनुमति नहीं आगरा में हिंदू महासभा के बैनर तले ताजमहल में मनाए जाने वाले उर्स के विरोध में शिव और पार्वती की वेश में लोग भूख हड़ताल बैठे हैं। उनका मानना है कि ताजमहल, तेजो महालय है और इसके अंदर बिना अनुमति चादर पोशी और कव्वाली नहीं होनी चाहिए। ताजमहल के पास स्थित प्रतापपुरा चौराहे पर गुरुवार सुबह भगवान शिव के वेश में जितेंद्र कुशवाहा और मां पार्वती के रूप में उषा वर्मा भूख हड़ताल पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों ने बताया कि RTI से मिली सूचना के आधार पर ताजमहल के अंदर चादर पोशी और कव्वाली की अनुमति नहीं है। पुरातत्व विभाग ने इसके लिए लेटर जारी किया था, उन्होंने बिना अनुमति उर्स, कव्वाली करने पर प्रशासन से रोक लगाने की मांग की है। महासभा ने अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते आज से भूख हड़ताल शुरू की गई है। आगरा में शाहजहां का 368वां उर्स 17 से 19 फरवरी तक ताजमहल में मनाया जाएगा, तीन दिवसीय उर्स में पर्यटक निशुल्क प्रवेश कर सकेंगे। /