देहरादून में उत्तराखंड की सबसे बड़ी डकैती, 25 मिनट में पूरा ज्वेलरी शोरूम साफ राजधानी देहरादून में गुरुवार को उत्तराखंड की अब तक की सबसे बड़ी डकैती हुई। पांच बदमाशों ने देहरादून के राजपुर रोड स्थित रिलायंस के ज्वेलरी शोरूम में करीब 20 करोड़ की डकैती डाली। सुबह करीब साढ़े दस बजे शोरूम में आभूषणों को सजाने की तैयारी चल रही थी। पांच लोग ग्राहक बनकर अंदर घुसे और गन प्वाइंट पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने कर्मचारियों को पेंट्री में बंद किया। सभी के हाथ प्लास्टिक की रस्सी से बांध दिए। बदमाश यहां करीब 25 मिनट रुके और करोड़ों रुपए के हीरे और सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात ये है कि शहर के बीच में हुई इतनी बड़ी घटना की जानकारी पुलिस को काफी देर बाद लगी। .