बर्फ से सराबोर इन वादियों की तस्वीरें अप्रैल में कराएंगी जनवरी जैसी ठंड का एहसास उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गुरुवार को मौसम ने करवट बदली और पहाड़ियां बर्फ से सराबोर हो गईं। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, लाल माटी, फूलों की घाटी के साथ ही नीती और माणा घाटी में बर्फबारी हुई है। केदारनाथ धाम में भी दिनभर रुक रुककर बर्फबारी होती रही। लिनचोली से केदारनाथ तक मार्ग बर्फ से पट गया है। बदरीनाथ में एक, हेमकुंड साहिब में डेढ़ और केदारनाथ में भी करीब डेढ़ फीट ताजी बर्फ जमी है। चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले जिन रास्तों से बर्फ हटा दी गई थी वहां फिर से बर्फ जम गई है। बदरीनाथ और केदारनाथ में भारी बर्फबारी से यात्रा तैयारियों के साथ ही प्रभावित हुए हैं। मलारी में भोटिया जनजाति के ग्रामीण ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। .