केदारनाथ में स्वर्णमंडित गर्भगृह में होंगे बाबा केदार के दर्शन, कपाट खुलने से पहले देखें तस्वीरें चारधाम यात्रा की शुरुआत 22 अप्रैल से हो जाएगी। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खुलेंगे। इस बार केदारनाथ में श्रद्धालु स्वर्णमंडित गर्भगृह में अपने आराध्य भगवान केदारनाथ के दर्शन करेंगे। मंदिर के गर्भगृह को बीते वर्ष कपाट बंद होने से दो दिन पूर्व 550 स्वर्ण परतों से सजाकर भव्य रूप दिया गया था। दशकों पूर्व केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह को खाडू घास से सजाया जाता था। इसके बाद घास की जगह गर्भगृह की दीवारों व फर्श पर कटवा पत्थर लगाए गए। 80 के दशक में गर्भगृह की दीवारें टीन से सजाई गईं। इसके बाद 2017 में दानीदाता के सहयोग से मंदिर के गर्भगृह में चांदी की परतें लगाई थी। अब मंदिर की दीवारों को स्वर्णमंडित किया गया है। बीकेटीसी की ओर से महाराष्ट्र के एक दानीदाता के सहयोग से यह कार्य करवाया गया था। गर्भगृह की जलेरी व छत को सोने की प्लेटों से सजाया गया है। आने वाले दिनों में मंदिर के बाहरी तरफ भी साज-सज्जा की जाएगी। .