कपाट खुलने के मौके पर 11 क्विंटल फूलों से सजे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम, देखें अद्भुत छटा अक्षय तृतीया के पर्व पर 22 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो जाएगा। जिसके लिए मां गंगा व यमुना की डोली के स्वागत के लिए गंगोत्री व यमुनोत्री धामों को फूलों से सजाया गया है। गंगोत्री धाम में मुख्य मंदिर के साथ गंगा अवतरण स्थल और मुख्य द्वार को विशेष रूप से करीब 11 क्विंटल फूलों से सजाया गया। मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली स्थित मंदिर व यमुनोत्री मंदिर को दो क्विंटल फूलों से सजाया गया है। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम स्थित मंदिरों के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों को फूलों से सजाने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। तीर्थयात्रियों को धामों के दर्शन के साथ हिमालय की खूबसूरती का दीदार करने को भी मिलेगा। बीते दो दिनों में चारों धामों में जमकर बर्फबारी हुई है। .