अमर उजाला
Wed, 6 November 2024
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया बॉर्डर-गावस्कर 3-1 से जीतेगा क्योंकि मोहम्मद शमी की गैरमौजूदगी में मेहमान टीम के लिए टेस्ट मैच में 20 विकेट चटकाना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
ऑस्ट्रेलिया की नजरें बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में खिताब के सूखे को खत्म करने पर टिकी हैं। भारत ने 2014-15 से सभी चार सीरीज जीती हैं जिसमें ऑस्ट्रेलिया में 2018-19 और 2020-21 में हुई सीरीज भी शामिल हैं।
भारत को हालांकि पिछली टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली बार अपनी सरजमीं पर 0-3 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा जिसके बाद पोंटिंग का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया के पास मेहमान टीम को हराने का बेहतर मौका है।
पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू शो पर ऑस्ट्रेलिया की संभावनाओं के बारे में बातचीत की और कहा कि अब पहले की तुलना में ऑस्ट्रेलिया के जीतने की संभावना ज्यादा है।
शमी चोटों के कारण पिछले साल नवंबर से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेले हैं और पोंटिंग का मानना है कि उनकी गैरमौजूदगी में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और डेब्यू का इंतजार कर रहे हर्षित राणा की मौजूदगी वाले भारत के गेंदबाजी आक्रमण में कमी नजर आती है।
पोंटिंग ने कहा, 'शमी की अनुपस्थिति में गेंदबाजी समूह में बहुत बड़ा अंतर आ गया है। उस समय (अगस्त में) कुछ अटकलें लगाई जा रही थीं कि शमी फिट होंगे या नहीं।'
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि भारत के लिए टेस्ट मैच में 20 विकेट लेना सबसे बड़ी चुनौती होगी। मुझे लगता है कि वे मौजूदा बल्लेबाजों के साथ यहां अच्छी बल्लेबाजी करेंगे।'
ऑस्ट्रेलिया की एक अधिक स्थिर टीम के रूप में प्रशंसा करते हुए पोंटिंग 22 नवंबर से पर्थ में शुरू होने वाली सीरीज में भारत को पूरी तरह से कमजोर नहीं मानते।
पोंटिंग ने भविष्यवाणी की, 'मुझे लगता है कि भारत पांच टेस्ट मैचों में से किसी एक टेस्ट मैच में जीतेगा। लेकिन मुझे अब भी लगता है कि ऑस्ट्रेलिया शायद थोड़ा अधिक स्थिर, थोड़ा अधिक अनुभवी है और हम जानते हैं कि उन्हें घर पर हराना बहुत मुश्किल है। इसलिए मैं 3-1 के साथ जाऊंगा।'
पोंटिंग को लगता है कि अनुभवी स्टीव स्मिथ या तेजतर्रार ऋषभ पंत में से कोई एक पांच टेस्ट मैच की सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी होगा।
पोंटिंग का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज गेंदबाजों मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस से अधिक विकेट जोश हेजलवुड चटकाएंगे।
खामोश हुई बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की आवाज, जानिए उनसे जुड़े दिलचस्प तथ्य