अमर उजाला
Thu, 19 December 2024
भारतीय ड्रेसिंग रूम बुधवार को भावनाओं से ओतप्रोत था, लेकिन अश्विन के चेहरे पर शांति के भाव थे।
इस दौरान पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैथ्यू हेडन उनका स्वागत करने के लिए आगे आए। फिर मैच रेफरी रंजन मदुगले ने उन्हें गले लगाया।
कुछ कदम आगे बढ़ने के बाद वह गलियारे में नाथन लियोन और पैट कमिंस से मिले, जिन्होंने इस भारतीय दिग्गज को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली जर्सी भेंट की।
अश्विन जब भारतीय ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो पृष्ठभूमि में एक मार्मिक तमिल गीत बज रहा था। जोरदार तालियों के बीच ड्रेसिंग रूम में अश्विन का स्वागत यशस्वी, ध्रुव जुरेल और ऋषभ पंत जैसे साथियों ने किया।
अश्विन ने इस दौरान भावुक भाषण में अपने साथियों से वादा किया कि वह हमेशा उनके लिए बस एक फोन पर उपलब्ध रहेंगे।
अश्विन ने कहा कि 'अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के पिछले चार-पांच साल वह समय था जब मैंने कुछ खास रिश्ते बनाए। मैंने इसका भरपूर आनंद लिया है। मैं अपने कुछ साथियों को पीछे छोड़ रहा हूं जो मेरे साथ खेल रहे थे।'
इस ऑफ स्पिनर ने कहा, 'अगर आप लोगों को किसी भी चीज की जरूरत है तो मैं बस एक फोन कॉल पर उपलब्ध रहूंगा। एक बार फिर से बहुत-बहुत धन्यवाद, रोहित का शुक्रिया। शुक्रिया, विराट, शुक्रिया, गौती भाई।'
This browser does not support the video element.
अश्विन ने कहा, 'मैं आज बहुत खुश हूं।' भावुक रोहित ने विदाई केक काटने के बाद अश्विन खिलाया, जबकि मोहम्मद सिराज ने उन्हें तीन सलामियां दीं और लोकेश राहुल ने गले लगाया। अश्विन उस समय भावुक हो गए जब उन्होंने शुभमन गिल को गले लगाया।
अश्विन से लेकर एंडरसन तक... इन 12 दिग्गज खिलाड़ियों ने इस साल लिया संन्यास