अमर उजाला
Thu, 9 January 2025
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुने गए भारत के स्टार जसप्रीत बुमराह को सभी प्रारूपों का महानतम तेज गेंदबाज करार दिया।
बुमराह ने पांच टेस्ट मैचों में 32 विकेट लिए जो किसी विदेशी तेज गेंदबाज का ऑस्ट्रेलिया में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
क्लार्क ने ईएसपीएन से कहा, 'सीरीज खत्म होने के बाद जब मैंने बुमराह के प्रदर्शन के बारे में सोचा तो मुझे लगता है कि वह तीनों प्रारूपों में अब तक के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज हैं।'
उन्होंने कहा, 'मैं कई महान तेज गेंदबाजों को जानता हूं जिनमें कर्टली एम्ब्रोस, ग्लेन मैकग्रा शामिल हैं जिन्हें टी20 क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला। इसलिए मैं उनके बारे में बात नहीं कर रहा।'
क्लार्क ने कहा, 'लेकिन जो तेज गेंदबाज इन सभी प्रारूपों में खेला हो, अगर यह देखा जाए तो बुमराह सर्वश्रेष्ठ हैं। वह किसी भी परिस्थिति में इतने शानदार हैं।'
क्लार्क ने कहा, 'यही चीज उन्हें महान बनाती है। कोई भी परिस्थिति हो, कोई भी प्रारूप हो, वह अद्भुत प्रदर्शन करते हैं।'
बुमराह को एससीजी टेस्ट के दूसरे दिन चोट लग गई थी और उन्हें तुरंत स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया था।
बुमराह ने अगली सुबह गेंदबाजी नहीं क्योंकि उनकी पीठ की मांसपेशियों में खिंचाव था लेकिन वह बल्लेबाजी करने आये। इसके बाद मेजबान टीम ने छह विकेट रहते 162 रन के लक्ष्य का पीछा कर सीरीज 3-1 से जीत ली।
क्लार्क ने कहा, 'मुझे लगता है कि भारत शायद (सिडनी में) 20 रन से पीछे रह गया। मुझे लगता है कि बुमराह की टीम के पास अगर 180 की बढ़त होती और वह गेंदबाजी करते तो भारत जीत सकता था।
क्लार्क ने कहा, 'मुझे लगता है कि बुमराह भारतीय टीम में अन्य गेंदबाजों से काफी बेहतर हैं।' ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सिराज 20 विकेट लेकर भारतीयों में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
Report: तलाक की अटकलों के बीच श्रेयस के साथ 'बिग बॉस' में एंट्री लेंगे चहल?