अमर उजाला
Tue, 20 August 2024
समोआ के मध्यक्रम के बल्लेबाज डेरियस विसर ने मंगलवार को राजधानी शहर एपिया में टी20 विश्व कप पूर्वी एशिया प्रशांत क्षेत्र क्वालीफायर में वनातु के खिलाफ एक ओवर में 39 रन बनाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया रिकॉर्ड बनाया।
विसर ने तेज गेंदबाज नलिन निपिको के एक ओवर में छह छक्के मारे। इस ओवर में तीन नोबॉल भी शामिल थीं। इससे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में सर्वाधिक रन का नया रिकॉर्ड बन गया।
इस 28 वर्षीय बल्लेबाज का यह केवल तीसरा टी20 मैच था। उन्होंने 62 गेंदों में पांच चौकों और 14 छक्कों की मदद से 132 रन बनाए।
इससे पहले पांच अवसरों पर किसी गेंदबाज ने एक ओवर में 36 रन दिए। इन गेंदबाजों में स्टुअर्ट ब्रॉड (2007), अकिला धनंजय (2021), करीम जन्नत (2024), कामरान खान (2024) और अजमतुल्लाह उमरजई (2024) शामिल हैं।
विसर इस प्रारूप में शतक बनाने वाले समोआ के पहले बल्लेबाज हैं। उनकी इस पारी के बावजूद समोआ की टीम 174 रन पर आउट हो गई। विसर के बाद उनकी टीम की तरफ से दूसरा सर्वोच्च स्कोर कप्तान कालेब जसमत का 16 रन था।
विसर ने साथ ही युवराज द्वारा 17 साल पहले बनाए गए रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। यह रिकॉर्ड है एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में किसी टीम द्वारा एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का
युवी ने 2007 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड की लगातार छह गेंदों पर छह छक्के लगाए थे। तब भारत ने एक ओवर में 36 रन बटोरे थे
इसके अलावा वेस्टइंडीज के किरोन पोलार्ड ने 2021 में, निकोलस पूरन ने 2024 में और नेपाल के दीपेंद्र सिंह एयरी ने 2024 में एक ओवर में 36-36 रन बटोरे थे।
टी20 अंतरराष्ट्रीय ही नहीं, ओवरऑल टी20 में भी एक ओवर में सबसे ज्यादा रन आने का रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले टी20 में एक ओवर में सबसे ज्यादा 38 रन आने का रिकॉर्ड 2012 में बना था
दिनेश कार्तिक ने चुनी भारत की प्लेइंग 11, धोनी-गांगुली जैसे दिग्गजों को किया नजरअंदाज