उत्तरकाशी। शादी के एक दिन पहले दूल्हे के गायब हो जाने से बौन गांव में हड़कंप मच गया। इन हालात में वधू पक्ष ने आनन-फानन में लड़की की शादी कहीं और करवा दी। जिससे गुस्साए वर पक्ष ने लड़की वालों पर लड़के के अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। लड़के का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को बौन गांव निवासी रमेश पुत्र चैतू लाल की शादी बग्याल गांव निवासी सुंदरलाल की लड़की से होनी तय थी। लेकिन बुधवार को सजने संवरने जिला मुख्यालय आया वर यहां से लापता हो गया। ऐसे में लड़की वालों ने आनन-फानन में अपनी लड़की की शादी पूरे गांव की मौजूदगी में मनेरी के एक युवक से कर दी।
बुधवार की रात लापता युवक के साथ मोबाइल फोन पर हुई बातचीत के आधार पर वर पक्ष के लोग उसके अपहरण का अंदेशा जता रहे हैं। साथ ही लड़के की खोजबीन करने के बजाय अपनी लड़की की शादी आनन-फानन में कहीं और करने पर उन्होंने अपहरण का आरोप लड़की वालों पर ही मढ़ दिया। वर पक्ष के लोगों ने थाना कोतवाली पहुंचकर पुलिस से इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर लड़के को ढूंढने की मांग की। पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। अब तक लापता युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है।
कोट-
ग्रामीणों से हुई पूछताछ के बाद अपहरण की पुष्टि नहीं हो रही है। लड़के के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर उसकी अंतिम लोकेशन रानीपोखरी ऋषिकेश में पाई है। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर लिया जाएगा।- दिनेश कुमार, थानाध्यक्ष थाना कोतवाली उत्तरकाशी।