रुद्रपुर। कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे जिले और नगर के नेताओं के लिए सूची जारी हुई तो वह भ्रम में आ गए। दोनों कार्यकारी अध्यक्ष खुद के पूर्णकालिक होने का दावा कर रहे हैं जबकि कांग्रेस प्रदेश महामंत्री मथुरा दत्त जोशी के अनुसार प्रदेश से जारी सूची में सच लिखा हुआ है। सूची में हिमांशु गावा को कार्यकारी जिलाध्यक्ष और सीपी शर्मा को कार्यकारी नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी से जारी सूची में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने लिखा है कि उत्तराखंड में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों के सुचारु संचालन और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर भारत जोड़ो यात्रा के साथ अन्य कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संगठनात्मक जिला एवं महानगर कमेटियों के कार्यकारी नगर अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। 17 सदस्यीय सूची में 14 नंबर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष पद पर सीपी शर्मा को और 15 नंबर पर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा का नाम अंकित है जबकि नेताओं के दावे सूची से अलग हैं।