सितारगंज/शक्तिफार्म। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की जनसभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेसियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। वरिष्ठ कांग्रेसी सभास्थल में मंच एवं पांडाल निर्माण की देखरेख में जुटे रहे। जिलाधिकारी बीके संत एवं एसएसपी नीलेश भरणे ने सभास्थल का जायजा लिया।
झुलसाने वाली गर्मी के बावजूद कांग्रेसियों में मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर अपार उत्साह बना हुआ है। प्रचार वाहनों ने गांव-गांव जाकर लोगों से सीएम की सभा में पहुंचने की अपील की। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय सारस्वत व प्रदेश प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप सिंह ने सभास्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सीएम को अवगत कराया। राइका में बने हैलीपेड से सभास्थल टैगोरनगर तक 16 सौ मीटर मार्ग निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए कांग्रेसियों ने राइका से जनसभा स्थल तक मार्ग के दोनों छोरों को होर्डिंगों से पाट दिया है। जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए हैं। पूर्व विधायक किरन चंद्र मंडल, कांग्रेस प्रदेश सचिव भूपेश उपाध्याय, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश गंगवार, जिलाध्यक्ष नारायण बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि गुरजीत सिंह, अमरजीत सिंह कटवाल, शिववर्धन सिंह, श्याम विश्वास, आन सिंह रावत आदि कांग्रेसी मंच, पांडाल एवं वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्माण की देखरेख में लगे रहे। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एमपी तिवारी भी मौजूद थे।
भाजपाई दिखा सकते हैं काले झंडे
सितारगंज। रविवार को मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के शक्तिफार्म में जनसभा कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपाई काले झंडे दिखाकर उनका विरोध कर सकते हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक भाजपा विधायक किरन चंद्र मंडल के इस्तीफा देकर कांग्रेस में जाने से आक्रोशित भाजपाइयों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस पर भाजपा विधायक की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाने वाले भाजपा कार्यकर्ता रविवार प्रात: 10:30 बजे मुख्यमंत्री के जनसभा स्थल पहुंचने तक काले झंडे दिखाकर उनका विरोध जता सकते हैं।