शक्तिफार्म। तीन दिन से प्रस्तावित मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर प्रशासनिक अमला तैयारी में जुट गया है। राजकीय इंटर कालेज से सभास्थल टैगोरनगर तक करीब 16 सौ मीटर मोटर मार्ग का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सभास्थल में मंच का निर्माण कार्य भी जोरों पर है।
पूर्व विधायक किरन चंद्र मंडल द्वारा विधायकी से त्याग पत्र देने के बाद सितारगंज विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के उपचुनाव लड़ने के कयास जोरों पर हैं। इसी के तहत 3 जून को मुख्यमंत्री की टैगोरनगर में जनसभा तय है, जिसके चलते प्रशासनिक अमला इसकी तैयारी में जुट गया है। सीएम हैलीकॉप्टर से राइका मैदान में उतरेंगे। वहां से करीब 16 सौ मीटर दूर स्थित टैगोरनगर दशहरा मैदान में वह जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए लोनिवि ने 16 सौ मीटर मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। अचानक मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्रवासियों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है।