गूलरभोज। डेढ़ माह से गैस न आने से खफा व्यापारियों और उपभोक्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। साथ ही गैस की आपूर्ति सुचारु करने की मांग की।
21 अप्रैल को गैस की बुकिंग होने के बावजूद गैस न आने से उपभोक्ताओं और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। गूलरभोज तिराहे पर भाजपा नगर अध्यक्ष तरुण दूबे और व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलदीप रघुवंशी के संयुक्त नेतृत्व में लोग एकत्र हुए और प्रदेश सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है तब से अटल खाद्यान्न योजना के तहत मिलने वाला अनाज भी नहीं मिल पा रहा है। इस मौके पर मदन सिंह धामी, विशाल ग्रोवर, सतीश चुघ, राजकुमार ग्रोवर, इंद्र सिंह राठौर, अशोक वर्मा, जीवन गुरुरानी, बल्देव दहुजा, मंगलसेन, संदीप, जगत सिंह पानू, आनंद सिंह पानू, सुंदर सिंह डोगरा, हरीश गिरी, तुलसी सिंह आदि थे। इधर, खंड पूर्ति निरीक्षक गिरीश चंद्र जोशी ने नगर में गैस न आने पर कहा कि इस संबंध में इंडेन गैस के डिपो में वार्ता कर गैस की गाड़ी बुधवार को उपलब्ध कराने की व्यवस्था कर दी है।