पिथौरागढ़। बजेटी में आयोजित हिलजात्रा में भारी संख्या में लोगों ने भागेदारी की। आयोजन के मुख्य अतिथि विधायक मयूख महर और विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत थे।
गांव के खेल मैदान में आयोजित हिल जात्रा में परंपरागत ढंग से बैलों की जोड़ी के साथ कृषि कार्य का मंचन किया गया। बजेटी की हिलजात्रा के मुख्य पात्र हिरन और चीतल होते हैं। हिरन और चीतल के पात्रों के अभिनय को लोगों ने खूब सराहा। इस मौके पर महिलाओं ने आठूं गायन किया। लोग झोड़ा, चांचरी में भी मस्त रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक महर ने आयोजन की सराहना करते हुे कहा कि बजेटी क्षेत्र के लोगों ने समय में बदलाव होने के बाद भी प्राचीन परंपरा को कायम रखा है। इसकी जितनी सराहना की जाए कम है। विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि परंपराओं को कायम रखने से ही संस्कृति का संरक्षण हो सकता है।