पिथौरागढ़। पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने नगर क्षेत्र के रखरखाव के लिए कम बजट मिलने पर नाराजगी जताई है। संसाधन बढ़ाए जाने की मांग को लेकर शीघ्र राज्यभर के निकायों के अध्यक्षों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा। चेयरमैन रावत ने शनिवार को पत्रकारों को पालिका प्रशासन द्वारा नगर के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।
कहा कि गर्मी के मौसम में बीमारियों के बढ़ने के खतरे पैदा हो गए हैं। जिसके मद्देनजर पालिका ने विशेष सफाई अभियान चलाया है। पालिका में सफाई कर्मचारियों की कमी को देखते हुए निजी संसाधनों से सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया है। रावत ने कहा कि नगर की बढ़ती जनसंख्या के सापेक्ष शासन स्तर से मदद नहीं मिल पा रही है। पालिका के पास संसाधनों की भारी कमी है। इसके बावजूद नगर के विकास के लिए सौंदर्यीकरण एवं बुनियादी सुविधाओं समेत कई कार्य किए जा रहे हैं। भदेलबाड़ा में खेल मैदान/पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य निर्माण कार्यों की ओर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पालिका के संसाधनों और बजट में बढ़ोतरी की मांग को लेकर राज्य भर के नगर पंचायत एवं पालिकाध्यक्षों का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही प्रदेश के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से मुलाकात करने वाला है। इस मुलाकात के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।