बेरीनाग। गंगोलीहाट के भैरंग पट्टी में करीब आधा दर्जन मोटर मार्गों के निर्माण की प्रक्रिया काफी धीमी गति से चल रही है। इस मामले में क्षेत्रीय लोगों ने आज यहां पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात की। ईई ने समुचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
लोक निर्माण विभाग के ईई एके गोयल को बताया गया कि कलकटिया-तामानोली मोटर मार्ग में टेंडर लगने के बाद भी ठेकेदार ने लंबे समय से काम शुरू नहीं किया है। पोखरी-चौली-गराली मोटर मार्ग में डामरीकरण की फाइल भी अटकी पड़ी है। अगरून बैंड से बोयल तक 10 किलोमीटर सड़क 2004 में स्वीकृत हो गई थी। इसमें अभी तक टेंडर नहीं लगे हैं। बोयल से आंवलाघाट तक 7 किलोमीटर स्वीकृत सड़क में वन भूमि निस्तारण की कार्रवाई नहीं हुई है। गराली से चंडिकाघाट 8 किलोमीटर सड़क पुल सहित 2006 में स्वीकृत हो गई थी। इसमें अभी टेंडर नहीं लगे हैं। इसी तरह बघैर से डोबालखेत तक 8 किलोमीटर स्वीकृत सड़क के टेंडर लगने हैं।
पूर्व पालिकाध्यक्ष खाती ने ईई गोयल को बताया कि लंबे समय से स्वीकृत सड़कों में काम शुरू नहीं होने से स्थानीय जनता निराश है। ईई ने बताया कि कलकटिया-तामानोली मोटर मार्ग में ठेकेदार को तुरंत काम शुरू करने को अंतिम चेतावनी दी जा रही है। शिष्टमंडल में भैरंग पट्टी संघर्ष समिति के अध्यक्ष पुष्कर खाती, राहुल ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष बलवंत मेहरा, कांगेस ब्लाक अध्यक्ष बलवंत धानिक, युवक कांग्रेस के लोकसभा महासचिव मनोज मेहरा, सुरेश बिष्ट, दीपक नेवलिया, गणेश बोरा आदि शामिल थे।