नैनीताल। सरल संस्था और द हंगर प्रोजेक्ट नई दिल्ली के सहयोग से गुरुवार को सेवा समिति हॉल मल्लीताल में महिला जनप्रतिनिधियों और मीडिया के बीच आपसी विचार-विमर्श के लिए एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में महिला जनप्रतिनिधियों के मुद्दों, उनके अधिकारों और चुनौतियों को प्रत्यक्ष रूप से मीडिया के समक्ष रखकर समाचार पत्रिकाओं एवं न्यूज चैनलों के माध्यम से अन्य लोगों को पहुंचाने की बात कही गयी।
मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या ने कहा कि विभिन्न जनसमस्याओं को जनता तक पहुंचाने में मीडिया सशक्त भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि बीते दिन एक बेटी ने अपने पिता को मुखग्नि दी। उक्त उदाहरण दर्शाता है कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे है फिर भी महिला लिंगानुपात की संख्या दिन प्रतिदिन घट रही है।
इस दौरान विभिन्न महिला जनप्रतिनिधियों ने बढ़ती महिला हिंसा को खत्म करने के लिए अनेक सुझाव दिए। पत्रकार यूएस सिजवाली व खष्टी बिष्ट ने कहा कि महिलाएं परिवार के अलावा पंचायत में भी सराहनीय कार्य कर रहीं हैं। तत्पश्चात कार्यक्रम संयोजक सरल संस्था हेमा कबड्वाल व वीरांगना महिला मंच प्रधान की अध्यक्ष सरस्वती रौतेला ने बीते समय महिलाओं के लिए संस्था द्वारा चलाए अभियानों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया।
इस दौरान लीला आर्या, लक्ष्मी आर्या, संदीप कुमार, ग्राम प्रधान चोपड़ा भगवती सुयाल, मंजू शर्मा, भरत बिष्ट आदि मौजूद थे। संचालन हेमा कबड्वाल ने किया।