हल्द्वानी। हरियाली के दुश्मन लामाचौड़ क्षेत्र के गुनी नंबर दो क्षेत्र के जंगलों में पेड़ों पर आरी चला रहे हैं और वन विभाग को पेड़ कटने की भनक तक नहीं है। गुनी नंबर दो के जंगल में तस्करों ने यूकेलिप्टस के तमाम पेड़ काट डाले, मगर तस्कर अपने मंसूबों में कामयाब हो पाते तब तक लोगों ने शोर मचा दिया। इस पर तस्कर आधे कटे पेड़ छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर लामाचौड़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
लामाचौड़ पुलिस चौकी क्षेत्र के फतेहपुर और गुनी नंबर दो के जंगलों में तस्कर सक्रिय हैं। तस्कर जंगल के अंदर ही अंदर पेड़ काट रहे हैं। पिछले माह तस्करों ने फतेहपुर के जंगल में पेड़ काटे थे। अब गुनी नंबर दो क्षेत्र में यूकेलिप्टस पेड़ काटने का मामला सामने आया है। पेड़ काटते देखकर ग्राम प्रधान ने पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर मामले की जानकारी दी थी। इधर लामाचौड़ चौकी प्रभारी आरएस बिष्ट ने बताया कि यूकेलिप्टस के पेड़ काटने के मामले में कोई भी तहरीर नहीं दी गई है। पुलिसकर्मी घटनास्थल पर भी पहुंची।