हल्द्वानी। गैस एजेंसी के अधिकारी-कर्मचारियों को आए दिन जनता के गुस्से से बचाने वाले पुलिस कर्मियों पर भी गैस वालों को रहम नहीं आता। रविवार को सिलेंडर खत्म होने के कारण पुलिस की मैस में समय से खाना नहीं बन सका। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने वायरलेस सेट पर चौकियों में मैसेज किया कि गैस की गाड़ी ढूंढो। गैस नहीं मिली तो खाना नहीं बनेगा। पुलिस अधिकारियों के कानों तक भी ये मैसेज पहुंचा।
शहर में गैस के लिए आफत मची है। हर तरफ रोजाना जाम प्रदर्शन हो रहा है। अब पुलिस महकमा भी गैस के संकट से जूझने लगा। पुलिस के मैस के लिए पर्याप्त गैस सिलेंडर भी नहीं मिल रहे हैं। रविवार को तो मैस में सभी सिलेंडर खाली हो गए। पुलिस कर्मी गैस सिलेंडर लेने के लिए परेशान हो गए। गैस की गाड़ी नहीं मिलने से पुलिस कर्मियों को लगा कि आज मैस में खाना नहीं मिलेगा तो उन्होंने अपराह्न करीब साढ़े बारह बजे वायरलेस सैट पर मैसज करके पुलिस कर्मियों से गैस की गाड़ी खोजने को कहा। सेट पर मैसेज में बोलने वाला पुलिस कर्मी कह रहा था कि गैस की गाड़ी ढूंढो। सिलेंडर लेना बहुत जरूरी है, गैस सिलेंडर नहीं मिले तो खाने का संकट भी गहरा जाएगा। जिसने भी वायरलेस सेट पर इन शब्दों को सुना, उसका हंसते हंसते पेट भर गया।