हल्द्वानी। सिर पर चोट लगने से घायल पुलिस के एक सिपाही की शुक्रवार देर रात यहां एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। कांस्टेबल खटीमा कोतवाली में तैनात था। शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव उसके गांव संतना (खटीमा) भेज दिया।
35 साल का कुशल सिंह सामंत पुत्र त्रिलोक सिंह सामंत कांस्टेबल के पद पर खटीमा में तैनात था। शुक्रवार सुबह ड्यूटी के दौरान अचानक चक्कर आने पर वह गिर पड़ा। सिर के पिछले हिस्से में चोट ज्यादा लगने के कारण कुशल सिंह को हल्द्वानी पहुंचाया गया। उसे यहां बांबे अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां देर रात सिपाही ने दम तोड़ दिया। भोटियापड़ाव चौकी उपनिरीक्षक मनोहर सिंह पांगती ने बताया कि शनिवार की सुबह पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद सिपाही का शव उसके गांव के लिए रवाना कर दिया गया। कांस्टेबल मूल रूप से खटीमा के ही संतना गांव का रहने वाला था। घटना की सूचना उसके गांव दे दी गई थी।