बनबसा। एसएसबी ने चेकिंग के दौरान एक नेपाली महिला से एक किलो से अधिक अफीम बरामद की है। पकड़ी गई अफीम की अंतर्राष्ट्रीय कीमत दस लाख से अधिक है। पुलिस ने आरोपी महिला पर मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सीमा पर एसएसबी द्वारा बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। नेपाल की ओर से आ रही एक महिला को रोका गया तो वह एसएसबी से बचने की कोशिश करने लगी। शक होने पर एसएसबी की महिला कांस्टेबल वंदना यादव, सुखदीप कौर, मौन्तू गोगई ने अपने सहकर्मी जवान कौशिक विश्वास, माधव चंदा एवं एएसआई गोविंद राम के सहयोग से उसे दबोच लिया। महिला की तलाशी लेने पर उसकी कमर में एक पोटली बंधी मिली, जिसमें 1 किलो 50 ग्राम अफीम बरामद हुई। एसएसबी के सहायक कमान अधिकारी विजय कुमार इस्सर ने बताया कि आरोपी महिला नेपाल के रोलपा जिले के सरबलोटे वार्ड संख्या 7 क्यूरी ओवांग निवासिनी ससली देवी उर्फ सरोली देवी होली का पति एवं बच्चे हिमाचल प्रदेश में मेहनत मजदूरी करते हैं, उन्हीं के पास जाने को वह बनबसा को आ रही थी। उन्होंने बताया कि महिला को किसी ने अफीम बनबसा पहुंचाने को दी थी। थानाध्यक्ष आरएस मेहता ने बताया कि सीमा पर स्थित सभी सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसी इस मामले की तफतीश में जुटी हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 18/22 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।