कपकोट/ बागेश्वर। ग्राम पंचायत बांसे में शुक्रवार दोपहर एक नवदंपति ने घर में एक साथ फांसी लगा ली। फंदा टूटने से पति की जान तो बच गई, लेकिन पत्नी की मौत हो गई। परिजन बेहोशी की हालत में पति को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लाए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक पति को होश नहीं आया था।
बांसे गांव के बिशन राम के पुत्र दुर्गा प्रसाद (24) और उसकी पत्नी आरती (20) ने शुक्रवार दोपहर अपने घर के अंदर बल्ली में रस्सी का फंदा डालकर फांसी लगा ली। फंदा टूटने से पति की जान तो बच गई, लेकिन पत्नी की मौत हो गई। घायल दुर्गा प्रसाद के दादा हरमल राम जब अंदर गए तो उन्होंने देखा कि बहू का शव फंदे से लटका हुआ था और उनका पौत्र नीचे बेहोश पड़ा था, उसके भी गले में टूटी हुई रस्सी थी। हरमल राम ने इसके बाद ग्रामीणों को सूचित किया, जो दुर्गा दत्त को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन तथा पुलिस की टीम भी गांव पहुंच गई। उन्होंने शव कब्जे में ले लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि नवदंपत़ि की आठ महीने पहले ही शादी हुई थी। मामले में अभी किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। अलबत्ता, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।