बागेश्वर। रतबे निवासी सीमा सड़क संगठन के अवर अभियंता जसवंत सिंह बिष्ट का अरुणांचल प्रदेश में लंबी बीमारी के बाद देहांत हो गया। संगम पर सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
55 वर्षीय जसवंत सिंह बिष्ट कुछ समय से अरुणांचल प्रदेश में कार्यरत थे। परिजनाें के अनुसार वह लंबे समय से बीमार थे। 30 मई की रात उनका देहांत हो गया। सीमा सड़क संगठन (ग्रिफ) के जवान उनके पार्थिव शरीर को लेकर दूसरे दिन दिल्ली पहुंचे, यहां उनके भाई और परिजन रहते हैं। परंपरानुसार अंतिम विदाई की रस्में वहीं पूरी की गईं और पार्थिव शरीर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। शनिवार को परिजन पार्थिव शरीर को लेकर यहां पहुंचे। घर पर अंतिम दर्शनों के बाद यहां सरयू और गोमती के संगम पर सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। स्व. बिष्ट के भाई मदन सिंह, ठाकुर सिंह और हीरा सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी।