नौगावां सादात। मामूली बात पर आपा खोए युवकों ने बारात पर हमला बोल दूल्हे के दोस्त पर फायर झोंक घायल कर दिया। जबकि विरोध पर भाई की भी बेरहमी से पिटाई की। मामला, दो संप्रदाय से जुड़ा होने पर माहौल गरमा गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच काफी प्रयास के बाद बेकाबू होते हालात संभाले। घायलों को उपचार के लिए मुरादाबाद रेफर किया गया है। हालांकि देर रात तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।
गुरुवार को देहात थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी महेश पुत्र लालजी की बारात नौगावां थाना क्षेत्र के गांव पंजू सरायं जा रही थी। बारातियों के ट्रैक्टर में सवार सतवीर की पंजू सरायं मोड़ के नजदीक स्थित एक बाग की रखवाली कर रहे कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। जिस पर गुस्साए युवकों ने ट्रैक्टर-ट्राली को घेर लिया। आव देखा न ताव एक युवक ने तमंचे से सतवीर पर फायर झोंक दिया। गोली हाथ पर लगने से सतवीर गंभीर घायल हो गया। विरोध पर दबंगों ने दूल्हा के भाई पप्पू की भी जमकर धुनाई की। गांव से भी लोग पहुंच गए।
दो संप्रदाय के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस को देख युवक फरार हो गए। काफी प्रयास के बाद उग्र भीड़ का गुस्सा शांत किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच-पड़ताल के बाद मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।