हसनपुर। मकान की छत पर सोते समय महिला की कनपटी से सटाकर गोली मार दी, जिससे महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली की आवाज सुनकर पास में सो रहे महिला के पति की आंख खुली, तो शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। उसने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया। उधर पति की तहरीर पर मृतका के देवर के साढू समेत चार लोगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नगर के मोहल्ला होलीचौक निवासी सतेंद्र कुमार पुत्र जसवंत के साथ उसकी पत्नी गीता त्यागी (45) रहती थी। इसी मकान में उनका छोटा भाई हेमंत और मां भी रहती थी। लेकिन कई माह से छोटा भाई अपनी मां के साथ बाहर रह रहा है। बीती रात पति-पत्नी मकान की छत पर सोए हुए थे। करीब पौने तीन बजे गोली की आवाज सुनाई पड़ी तो पास में सो रहे पति की आंख खुली। उसने शोर मचाते हुए भाग रहे लोगाें का पीछा किया, लेकिन हवा में तमंचा लहराते हुए वे फरार हो गए। सतेंद्र ने बताया कि जमीन को लेकर छोटे भाई से विवाद चल रहा है। मां ने करीब दस साल पहले छोटे भाई हेमंत के नाम वसीयत करा दी थी। गीता मकान में हिस्सा मांगती थी और इसी विवाद में ही उसकी हत्या कर दी गई। एसपी और एएसपी ने घटनास्थल का दौरा किया। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर लोकेश पुत्र चंद्रपाल और राजू पुत्र जगदीश निवासी ततारपुर थाना आदमपुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। लोकेश मृतका के देवर का साढू है।
फोटो भी है।