अमरोहा। विवाहिता की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिलने से हड़कंप मच गया। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।
शहर के मुहल्ला बेगम सरायं कलां निवासी कैलाश का विवाह करीब बारह साल पूर्व मुरादाबाद के चडढा रोड निवासी शोराम की पुत्री कमला से हुआ था। रविवार की रात कमला की लाश कमरे में फंदे से लटकी मिली। इसे देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। थोड़ी ही देर में यह बात आसपास के इलाके में आग की तरह फैल गई।
सूचना पर मायके वाले भी पहुंच गए। ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया। सुबह सूचना मिलने पर शहर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। बताया जाता है कि पति से अनबन होने पर महिला ने ऐसा कदम उठाया। वहीं दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद पुलिस बैरंग लौट गई। देर शाम विवाहिता का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मां की मौत से बेटी अंजलि व बेटे पंकज तथा अंकित का रोते-रोते बुरा हाल था। शहर कोतवाल विजय यादव का कहना है कि मायके वालों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया।