अमरोहा। खेल-खेल में बच्चों के बीच हुए झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों में पथराव के बाद फायरिंग से शहर में दहशत फैल गई। मारपीट में दो लहूलुहान हो गए। पुलिस ने बमुश्किल हालात संभाले। दो परिवारों में तनाव के बाद इलाके में एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है। जबकि पुलिस आरोपियों की धरपकड़ को दबिशें दे रही है। देर रात तक मामले में कानूनी कार्रवाई नही हुई थी।
घटना, शहर कोतवाली के मुहल्ला बटवाल की हैं। यहां विरासत और अशरफ के परिवार रहते है। शनिवार की सुबह अशरफ का बेटा जावेद मुहल्ले के बच्चों के साथ गली में खेल रहा था। बताते है विरासत के बेटों ने जावेद की पिटाई कर दी। जिस पर दोनों परिवारों की महिलाओं में तीखी नोक झोंक हुई। मुहल्ले के लोेगों ने मामला रफादफा कर दिया। लेकिन दोपहर में जब अशरफ घर पहुंचा, तो बेटे को घायल देख आग बबूला हो गया। विरासत के घर जाकर खूब बुरा भला कहा। कहासुनी के बाद दोनों में मारपीट हो गई। हंगामा और शोरगुल बढ़ता ही गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। महिलाओं ने छतों से मोरचा संभाल पथराव शुरू कर दिया। फायरिंग से मुहल्ले में भगदड़ मच गई। बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार भीड़ को तितर-बितर किया। अशरफ समेत दो घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। घटना के बाद बटवाल संगीनों के साए में है।
दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में फायरिंग हुई है। पुलिस विवाद की जड़ तलाश कर रही हैं। माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नही जाएगा। एक पक्ष ने कानूनी कार्रवाई को तहरीर दी है।
विजय यादव ( इंस्पेक्टर शहर कोतावाली)