अमरोहा। एलपीजी टैंकर चालक संघ की हड़ताल चौथे दिन भी नहीं खुली। हड़ताल होने के कारण चौथे दिन भी सिलेंडरों की सप्लाई नहीं हो सकी। गैस सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ताओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताते चलें कि भारतीय एलपीजी टैंकर चालक संघ न्यूनतम वेतनमान की मांग को लेकर चार दिन से हड़ताल पर हैं। नतीजतन जिले में गैस आपूर्ति प्रभावित हो गई। हड़ताल के कारण जनपद में चार दिन से गैस सिलेंडरों की सप्लाई नहीं आ रही। हड़ताल जारी रहने से चौथे दिन भी उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पाई। गैस की सप्लाई न होने से गोदामों पर ताले लटक गए हैं। उधर एलपीजी टैंकर चालक संघ न्यूनतम वेतन की मांग पर अड़े हुए हैं। मांग पूरी न होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कह चुके हैं।
क्या कहना है गैस उपभोक्ताओं का-
चित्रा देवी का कहना है कि सिलेंडर खत्म हो गया है। गैस न मिलने से स्टोव पर खाना बनाना पड़ रहा है। मिट्टी का तेल भी नहीं मिल पा रहा है।
कुसुमलता का कहना है कि गैस न होने से बहुत दिक्कत हो रही है। तीन दिन से बाजार में खाना खा रहे हैं। घर का बजट बिगड़ गया है।
बबीता का कहना दस दिन पहले ही सिलेंडर खत्म हो गया था। समय पर बुकिंग कराने के बाद भी गैस समय से नहीं मिल पाई। दो दिन से चूल्हा जलाकर खाना बनाने को मजबूर हैं।
अनीता देवी ने बताया कि गैस न मिलने से चूल्हे पर खाना पकाना पड़ रहा है। सात दिन से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन सिलेंडर नहीं मिला। चूल्हे पर खाना पकाने में बहुत दिक्कत हो रही है।
यशोदा देवी बताती हैं कि डेढ़ महीना हो गया अभी तक गैस नहीं आई है। बीस दिन ही सिलेंडर चलता है। हॉकर भी गैस कम देकर जाता है। कई बार शिकायत कर चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती।
जिला पूर्ति अधिकारी ने भेजा पत्र
वहीं अधिकारियों ने गैस की किल्लत को दूर करने के लिए उपायुक्त खाद्य मुरादाबाद, क्षेत्रीय प्रबंधक इंडियल ऑयल कार्पोरेशन नोएडा को पत्र भेज हड़ताल जारी रहने तक किसी और प्लांट से गैस की आपूर्ति दिलाने की मांग की है। गैस न होने से जनाक्रोश पैदा होता जा रहा है। जनपद में सबसे ज्यादा उपभोक्ता इंडेन गैस के हैं। जिससे इंडेन गैस एजेंसी वालों को सबसे ज्यादा दिक्कत आ रही है।
गैस एंजेसी के नाम उपभोक्ताओं की संख्या
मंगलम फ्लेम, अमरोहा 17528
अमरोहा गैस सर्विस, अमरोहा 16835
नौगावां गैस एजेंसी, नौगावां 9100
नारायण गैस एजेंसी, जोया 8258
जोया गैस एजेंसी, जोया 7908
हसनपुर गैस एजेंसी, हसनपुर 11300
उझारी गैस एजेंसी, उझारी 5050
गजरौला गैस सर्विस, गलरौला 19385
शिव गैस सर्विस, धनौरा 501
बछरांयू गैस एजेंसी, बदरांयू 9300
कुल उपभोक्ता- 105465
प्रति दिन गैस सिलेेंडरों की आवश्यकता-400 से 450
मिल रही-300 से 350
उपायुक्त खाद्य तथा क्षेत्रीय प्रबंधक इंडियन ऑयल को पत्र भेज दूसरे प्लांट से गैस आपूर्ति मंगाने के लिए पत्र भेजा है। अधिकारियों द्वारा टैंकर चालक संघ के पदाधिकारियों से वार्ता की जा रही है।
आरएन यादव (जिलापूर्ति अधिकारी)