सोमेश्वर। सोमेश्वर तहसील की ग्राम पंचायत सर्प में शनिवार शाम जंगल से भटकर एक घुरड़ आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। जिससे गांव के कुत्तों ने घेर लिया। जागरूक लोगों ने कुत्तों से घुरड़ को बचाकर वन कर्मियों को सौंप दिया।
शनिवार सायं करीब चार बजे जंगल से एक घुरड़ भटकर सर्प गांव में आबादी क्षेत्र में आ गया। घुरड़ को गांव के कुत्तों ने घेर लिया। गांव के राधे जोशी, दिनेश चंद्र रतूड़ी, देवेंद्र जोशी, प्रकाश भंडारी, दिनकर जोशी ने कुत्तों को भगाकर घुरड़ को पकड़ा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। इन लोगों ने घुरड़ को क्षेत्र के वन रक्षक आन सिंह लियाल को सौंप दिया। वन कर्मियों ने घुरड़ को सोमेश्वर रेंज कार्यालय में रखा है। घुरड़ की उम्र करीब आठ वर्ष बताई गई है। वन क्षेत्राधिकारी पीतांबर जोशी ने बताया कि घुरड़ थका हुआ है। स्वस्थ होने पर उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।