वाराणसी। कैंट स्टेशन पर एक महिला के गले से चेन छीनकर भाग रहे बदमाश को जीआरपी ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसका एक साथी भाग निकला। पता चला कि पकड़ा गया बदमाश प्रदीप बावरिया गिरोह का सक्रिय सदस्य है। वह कई राज्यों में बड़ी वारदातों को अंजाम देकर फरार था। कई शहरों की पुलिस उसे तलाश रही थी। प्रदीप ने चार स्थानों पर संगीन वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। बताया कि गिरोह का सरगना एक महिला और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी है। गिरोह के तीन सदस्य इन दिनों बंगलूरू जेल में हैं। यह आशंका जताई जा रही है कि बावरिया गिरोह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कैंट स्टेशन के आस-पास डेरा डाले हुए है।
जीआरपी ने बंगलूरू, मेरठ, सहारनपुर, दिल्ली समेत कई जगहों पर बदमाश प्रदीप का फोटो मेल कर उसकी पहचान कराई। जानकारी मिलते ही बंगलूरू और सहारनपुर पुलिस उसे रिमांड पर लेने के लिए चल पड़ी। जीआरपी थाना प्रभारी त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि बदमाश के पास से 220 ग्राम नशीला पाउडर, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद कर उसका चालान कर दिया गया। श्री पांडेय ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश कई मामलों में वंाछित है।