वाराणसी। बिजली की अंधाधुंध कटौती ने शुक्रवार को तो हद कर दी। हाल यह रहा कि दिनभर बिजली की बेतहाशा कटौती और आंखमिचौनी से इस उमस भरी गर्मी में शहरी बिलबिला उठे। शहर का कोई ऐसा इलाका नहीं रहा, जहां बिजली ने लोगों को रुलाया न हो। गोदौलिया सब स्टेशन के रामापुरा फीडर पर सुबह सवा पांच बजे ही आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद भिखारीपुर से आपूर्ति ठप हो गई तो फिर शाम पांच बजे बिजली आई।
इधर, मैदागिन उपकेंद्र के काजीपुरा फीडर का केबिल बक्सा रात 8:30 बजे जल गया। देर रात तक इसे ठीक होने की उम्मीद है। कबीरचौरा और चेतगंज फीडर ओवरलोड और ट्रांसफार्मर से तेल रिसाव के चलते बैठ गया। दोपहर 12 बजे आई गड़बड़ी को दूर कर जैसे ही आपूर्ति बहाल हुई, तब तक रोस्टरिंग हो गई। इसके बाद, शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। दिन भर लोग पानी के लिए बिलबिला उठे। संकुल धारा क्षेत्र में भी ओवरलोड के चलते आपूर्ति बाधित रही। चित्रा सिनेमा के पास चार सौ केवीए का ट्रांसफार्मर जलने से क्षेत्र की सप्लाई बंद हो गई। इधर, रेलवे के 10 एमएवीए ट्रांसफार्मर को काटकर नगर निगम सब स्टेशन से जोड़ दिया गया। ऐसे में यह स्टेशन भी ओवरलोड हो गया जबकि काशी विद्यापीठ पहले से ही ओवरलोड चल रहा था। हालत यह है कि निराला नगर, शिवाजी नगर में बिजली शाम सात बजे से ही नहीं है। पन्नालाल पार्क से भी तकनीकी फाल्ट के चलते दोपहर 12 बजे से ही सप्लाई ठप रही। क्षेत्र में देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। चौकाघाट सब स्टेशन से जुड़े इलाके दासनगर मलदहिया में शाम 7:30 बजे ट्रांसफार्मर की बुश की पैकिंग खराब होने से तेल गिरने लगा। इसके चलते आपूर्ति ठप हो गई।