वाराणसी। पूरे सूबे में मेयर पद के प्रत्याशियों के चयन के लिए भाजपा की बुधवार को लखनऊ में हुई बैठक में कोई फैसला नहीं हो सका। अब दिल्ली से प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जाएगी। इस बीच विभिन्न वार्डों के दावेदारों की सूची मंगलवार की देर रात विशेष दूत के जरिये लखनऊ भेजी गई।
सूत्रों ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछले दिनों आए पर्यवेक्षक की देखरेख में मेयर पद के लिए जिन नामों का पैनल तैयार किया गया था, उस पर विचार किया गया। यहां से महानगर उपाध्यक्ष रहे सुधीर मिश्र, पूर्व एमएलसी अशोक धवन, महानगर अध्यक्ष रहे रामगोपाल मोहले तथा बनारस बार के अध्यक्ष रहे राधेमोहन त्रिपाठी के नाम पैनल में बताए जा रहे हैं। इन नामों पर चर्चा की गई। सूत्रों ने बताया कि बैठक में नरेंद्र सिंह तोमर तथा संजय जोशी नहीं आ सके थे। इस वजह से दिल्ली में उनके समक्ष दावेदारों के नामों पर चर्चा के बाद उसे अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही यहां से 90 वार्डों के लिए दो-दो नामों का पैनल तैयार किया गया है। सब नामों पर चर्चा की गई। इसके बाद एक नाम पर लगभग सहमति बन गई है। उम्मीद है कि गुरुवार को प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। जिन वार्डों में नाम पर जिच है उसकी घोषणा बाद में की जाएगी। इस बीच संभावित प्रत्याशियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेयर पद के दावेदारों की ओर से नो ड्यूज प्रमाणपत्र बनवा लिए गए हैं। पार्षद पद के कई दावेदारों ने फार्म भी खरीदे हैं।