वाराणसी। सीवर जाम की समस्या से आजिज तेलियाबाग क्षेत्र के व्यवसायी बुधवार को सड़क पर उतर पड़े। उन्होंने चौरा माता मंदिर के पास चक्काजाम कर दिया। इसके चलते लहुराबीर, चौकाघाट तथा मलदहिया मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। बाद में ट्रैफिक पुलिस ने यातायात डायवर्ट कर स्थिति संभाली। जलकल विभाग के महाप्रबंधक ने 15 दिनों में समस्या समाधान का आश्वासन दिया, तब जाकर लगभग दो घंटे बाद व्यापारियों ने जाम समाप्त किया।
तेलियाबाग क्षेत्र में पिछले कई महीने से लोग सीवर जाम की समस्या झेल रहे हैं। पूरे इलाके में सीवर का पानी फैला हुआ है। सड़कें सीवर के पानी से लबालब हैं। इस वजह से लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही है। दुर्गंध के चलते लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। कई बार क्षेत्रीय नागरिकों ने इसकी शिकायत नगर निगम तथा जलकल विभाग से की। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। तेलियाबाग व्यापार मंडल ने समस्या समाधान के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया था। इसकी मियाद पूरी होने के बाद भी सीवर जाम की समस्या से मुक्ति नहीं मिली तो व्यापारियों ने बुधवार को रास्ता जाम कर दिया। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे जलकल विभाग के महाप्रबंधक ने लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की सीवर लाइन को जल्द से जल्द दुरुस्त कर लिया जाएगा। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। जाम करने वालों में व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्यारेमोहन सिंह, उपाध्यक्ष धर्मात्मानंद जायसवाल, मंत्री मनीष चौबे, रमेश कुमार भारद्वाज, सुरेश चंद गुप्ता, किशन सोनकर, अमरू प्रमुख रूप से शामिल रहे।