लोहता (सं.)। काम पर जाने से मना करने पर नाराज पिता के डांटने और थप्पड़ मारने से क्षुब्ध किशोर ने आग लगा ली। लोहता थाना क्षेत्र के धमरिया में मंगलवार को हुई इस घटना में गंभीर रूप से झुलसे किशोर को कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
धमरिया गांव निवासी खलील मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाता है। उसका पंद्रह साल का बेटा गुलजार भी मजदूरी करता है। गुलजार ने मंगलवार को काम पर जाने से मना कर दिया। इस बात से खलील काफी नाराज हुआ। समझाने के बाद भी जब वह तैयार नहीं हुआ तो उसने गुलजार को फटकारने के साथ एक थप्पड़ जड़ दिया। इससे नाराज गुलजार घर के पास ही एक निर्माणाधीन मकान में पहुंचा और अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। आग का गोला बन वह बाहर दौड़ने लगा। लोग उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। दूर से ही लोगों ने उसके ऊपर कंबल फेंका। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। गंभीर हालत में उसे कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसने दम तोड़ दिया।